मंसूरी समाज व अरबिंदो हॉस्पिटल के साझा प्रयास से चमकी सेवा की मिसाल; निशुल्क चिकित्सा शिविर में 1256 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ....
News-ratlam-letestnews-Hindinews-breaking-news-ratlamnewsMansuriSamajRatlam-AurobindoHospitalRatlam-MansuriSamaj-AurobindoHospital-FaiyazMansuri
- मानवता की अनूठी मिसाल: रतलाम में मंसूरी समाज और अरबिंदो हॉस्पिटल के शिविर में उमड़े जरूरतमंद, 1256 मरीजों की जांच..
- सेवा का महासंकल्प: हाट रोड पर आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में मरीजों को मिली मुफ्त जांच और दवाइयाँ..
Posted by :- Raees Khan
रतलाम/ D I T NEWS :- "मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म" इसी मूलमंत्र को चरितार्थ करते हुए आज रतलाम के हाट रोड स्थित मदीना मस्जिद के सामने, घोसी जमात खाना में एक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर मंसूरी समाज और श्री जैन दिवाकर श्री अरबिंदो हॉस्पिटल, सागोद रोड (रतलाम) के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया, जिसका लाभ उठाने के लिए सुबह से ही क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों का तांता लग गया। शिविर में रिकॉर्ड तोड़ 1256 से अधिक मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मुफ्त दवाइयाँ वितरित की गईं।
निशुल्क जांचें और विशेषज्ञों ने दी सेवाएं
रविवार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक चले इस शिविर में मरीजों की सहूलियत के लिए ईसीजी (ECG), आंखों की जांच, शुगर और ब्लड प्रेशर (BP) जैसी महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह निशुल्क की गईं। शिविर में आए मरीजों को परामर्श देने के लिए अरबिंदो हॉस्पिटल के वरिष्ठ व अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध रहे, जिनमें मुख्य रूप से हड्डी रोग, नेत्र रोग, जनरल मेडिसिन और जनरल सर्जरी के विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं।

आयोजकों ने जताया आभार
शिविर के ऐतिहासिक रूप से सफल होने पर मंसूरी समाज और अरबिंदो हॉस्पिटल प्रबंधन ने पूरी मुस्तैदी से जुटे रहे सभी डॉक्टर्स और मेडिकल टीम का तहे दिल से आभार व्यक्त किया। समाज जनों ने विशेष रूप से आशुतोष श्रीवास्तव जी, मंसूरी समाज के सदर व मुख्य संयोजक फैय्याज भाई मंसूरी, उनकी पूरी सक्रिय कमेटी, डॉ. आनंद चंदेलकर, डॉ. दीपेश मेहता और शेरू हुसैन मंसूरी का शुक्रिया अदा किया, जिनकी दिन-रात की मेहनत और लगन से यह विशाल आयोजन पूरी तरह सफल हो सका।
मंसूरी समाज के पदाधिकारियों ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि समाज के तत्वाधान में आगे भी इस तरह के जनकल्याणकारी और सामाजिक कार्य निरंतर आयोजित होते रहेंगे, ताकि समाज का नाम रोशन हो और अधिक से अधिक गरीब व जरूरतमंद लोगों को सीधे तौर पर स्वास्थ्य लाभ मिल सके। श्री जैन दिवाकर अरबिंदो हॉस्पिटल रतलाम ने भी इस सफल आयोजन के लिए पूरी आयोजन समिति का दिल से अभिनंदन किया।