हार्डवेयर दुकान में भीषण आग, 30 लाख का सामान खाक; 4 किमी दूर तक दिखा धुएं का गुबार
रतलाम | D I T NEWS
रतलाम थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत टैंकर रोड पर रविवार दोपहर करीब 2 बजे एक हार्डवेयर दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जो करीब 3 से 4 किलोमीटर दूर से ही साफ नजर आ रहा था।
टैंकर रोड पर संचालित हार्डवेयर की दुकान में रविवार दोपहर अचानक आग भड़क उठी। दुकान लोहे की चादर के शेड में बनी थी, जिसमें प्लास्टिक के पाइप, नल फिटिंग, पानी की टंकी और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में रखी थी। प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

2 घंटे चला दमकल का ऑपरेशन स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं उठता देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। हालांकि, जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँचतीं, आग पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। दमकल कर्मचारियों ने दो वाहनों की मदद से करीब दो घंटे तक पानी की बौछारें कीं, तब जाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। धुएं के कारण आसपास के मोहल्लों में दृश्यता कम हो गई और लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दर्शन करने गए थे संचालक, फोन पर मिली सूचना दुकान संचालक राहुल प्रसाद (निवासी विनोबा नगर) ने बताया कि उन्होंने पिछले साल जून में ही यह दुकान शुरू की थी। रविवार को वे अपने मित्र के साथ बाइक से चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए गए थे। जब वे मंदिर के बाहर नाश्ता कर रहे थे, तभी उन्हें फोन पर दुकान में आग लगने की सूचना मिली। राहुल के अनुसार, दुकान में करीब 30 लाख रुपये का स्टॉक था, जिसमें से 7-8 लाख का नया सामान महज एक हफ्ते पहले ही मंगवाया गया था।