पैराडाइज वैली में पिकनिक के दौरान दर्दनाक हादसा, दो शिक्षकों और 15 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत

Ratlam-RatlamNews-RatlamPolice-BreakingNews-BigBreaking-Paradisevalley-CrimeNews-picnicspot

पैराडाइज वैली में पिकनिक के दौरान दर्दनाक हादसा, दो शिक्षकों और 15 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत

रतलाम/ D I T NEWS :- शहर से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित पैराडाइज वैली में रविवार दोपहर पिकनिक के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जावरा के एक निजी स्कूल से पिकनिक मनाने पहुंचे दल के दो शिक्षकों और 15 वर्षीय छात्र की झरने के नीचे बने कुंड में डूबने से मौत हो गई। वहीं तीन बच्चों को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार जावरा के निजी स्कूल के चार शिक्षक और 13 विद्यार्थियों सहित कुल 17 लोग रविवार को पिकनिक मनाने पैराडाइज वैली पहुंचे थे। यहां झरने के नीचे बने कुंड में बच्चे और शिक्षक नहा रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

बच्चों को बचाने के प्रयास में दो शिक्षक और एक छात्र भी गहरे पानी में चले गए और डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तीन बच्चों को बाहर निकाल लिया। उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। बचाए गए बच्चों में एक छात्र और दो छात्राएं शामिल हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से पानी में डूबे तीनों लोगों को बाहर निकाला गया और मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान विजय सिंह (52) और प्रिंस पिता करण (28), दोनों निवासी जावरा, तथा 15 वर्षीय हर्षित पाटीदार के रूप में हुई है। मृतकों में दो शिक्षक और एक छात्र शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।